गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में स्थानीय निकायों से जुड़े तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में नगर पालिका तथा नगर परिषद को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप अधिक सक्षम बनाने, शहरों के सुनियोजित विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। देश के विभिन्न संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने शहरी प्रशासन के अपने अनुभव साझा करते हुए निकायों की कार्यप्रणाली में सुधार के सुझाव दिए।कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निकायों को केवल सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं तक सीमित न रहकर अच्छे पार्क, आकर्षक चौक, संग्रहालय और ऐसे सार्वजनिक स्थल विकसित करने चाहिए, जहां परिवार समय बिता सकें। इससे शहरों की पहचान और नागरिकों का जुड़ाव बढ़ेगा तथा लोग बेहतर सुविधाओं के बदले टैक्स देने के लिए भी प्रेरित होंगे। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से राष्ट्रीय एवं राज्य योजनाओं में उपलब्ध धनराशि की जानकारी रखने तथा उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत हरियाणा में अगले डेढ़ वर्ष में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट लाने की संभावनाएं हैं।
पहले तकनीकी सत्र में शहरी निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता, राजस्व के नए स्रोत विकसित करने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर चर्चा हुई। दूसरे सत्र में प्रशासनिक स्वायत्तता एवं जवाबदेही, नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता, संपत्ति मैपिंग, डिजिटलीकरण, लेखांकन और ऑडिट व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेषज्ञों ने सुझाव दिए। इन सत्रों में प्रधान सचिव अशोक कुमार मीणा और पंकज यादव ने प्रारंभिक विचार रखे। विशेषज्ञों में सुधीर कृष्णा, डॉ. मर्सी एस. सैमुअल, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. देबार्पिता रॉय, प्रो. सुरेंद्र कुमार, डॉ. संदीप ठाकुर, प्रो. कन्हैया आहूजा और श्रेष्ठा सरस्वत शामिल रहे। तीसरे सत्र में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के प्रो. वी.एन. अलोक ने रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि प्रश्नावली के माध्यम से प्रतिभागियों के विचार और सुझाव लेकर शहरी निकायों की व्यावहारिक चुनौतियों एवं सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

