गुरुग्राम, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की वरिष्ठ राजयोगिनी और भोरा कलां (गुरुग्राम) स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका बी.के. गीता दीदी का गुरुवार को देहावसान हो गया। वे 96 वर्ष की थीं। उन्होंने नई दिल्ली के सीरीफोर्ट स्थित संस्था के सेवाकेंद्र में अंतिम साँस ली।गीता दीदी का जन्म 15 अक्टूबर 1930 को सिंध के हैदराबाद (अब पाकिस्तान) में हुआ। उनका पहला नाम माया देवी था। वे 1950 के दशक में ब्रह्माकुमारीज़ से जुड़ीं और अपना जीवन संस्था की सेवा में समर्पित कर दिया। संस्था के संस्थापक प्रजापिता ब्रह्मा बाबा ने उन्हें “गीता” नाम दिया। वे सरल और शांत स्वभाव के लिए जानी जाती रही। संस्था के अनुसार, उन्होंने देश के कई हिस्सों में नए सेवाकेंद्र शुरू कराने में अहम भूमिका निभाई। दिसंबर 2001 में ओम शांति रिट्रीट सेंटर की स्थापना के समय से वे इसकी निदेशिका रही। उनके मार्गदर्शन में यह केंद्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आध्यात्मिक जागरूकता का बड़ा केंद्र बना। अंतिम दर्शन के लिए संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य पहुँचे। दिल्ली के लोधी रोड स्थित दयानंद मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की वरिष्ठ राजयोगिनी बी.के. गीता दीदी का 96 वर्ष की आयु में देहावसान*

