NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा छठ पर्व

गुरुग्राम।पूर्वांचल क्षेत्रवासियों का सबसे बड़ा पर्व छठ आज शुक्रवार से शुरू हो रहा है। इस पर्व को मनाने के लिए पिछले कई दिनों से पूर्वांचल की संस्थाएं गुरुग्राम में तैयारियां में जुटी हैं। यहां रहने वाले पूर्वांचल के लाखों लोगों के साथ स्थानीय लोग और जिला प्रशासन भी इस त्यौहार को लेकर सहयोग कर रहे हैं। छठ पर्व पर गुरुग्राम में लाखों परिवारों द्वारा बड़े स्तर पर छठ पूजा की जाती है। जगह-जगह पर अस्थायी घाट बनाए गए हैं। इस बार छठ पूजा समितियों द्वारा पिछले साल के मुकाबले और भी बेहतर तैयारियां की गई हैं। बड़ा कार्यक्रम शीतला माता मंदिर पार्किंग क्षेत्र में होगा।
आज से शुरु हो जाएगा 4 दिवसीय पर्व
आज से शुरू होने वाले छठ पर्व को लेकर जहां समितियों ने घाटों पर विशेष प्रबंध किए हैं। आज शुक्रवार को पहले दिन नहाय-खाय के साथ यह पर्व शुरू होगा। हालांकि नहाय-खाय की प्रक्रिया श्रद्धालुओं द्वारा घर पर ही की जाएगी। दूसरे दिन शनिवार को खरना, रविवार को श्रद्धालु सायंकालीन और सोमवार को प्रात: कालीन सूर्य देव को अध्र्य देंगे।
36 घंटे का होगा उपवास
खरना में श्रद्धालु दूध व गुड़ से बनी खीर खाकर व्रत रखेंगें। उनका यह उपवास 36 घंटे का होगा। भगवान भास्कर की आराधना के बाद सभी आपस में प्रसाद का वितरण भी करेंगे। संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
छठ पर्व के बारे में है यह धारणा
छठ पर्व के बारे में कहा जाता है कि पूर्वांचल और बिहार में अनिवार्य रूप से लोग छठ मनाते हैं। इस दिन सभी लोग अपने घरों में एकत्रित होते हैं। छठ पर्व के बारे में यह धारणा है कि यह मुख्य रूप से बिहार मूल के लोगों का पर्व है। इसके पीछे कारण यह है कि इस पर्व की शुरुआत अंगराज कर्ण से शुरु हुई मानी जाती है। अंग प्रदेश वर्तमान भागलपुर है जो बिहार में है। अंग राज कर्ण के विषय में कथा है कि यह पाण्डवों की माता कुंती और सूर्यदेव की संतान हैं। कर्ण अपना आराध्य देव सूर्य देव को मानते थे। वह नियमपूर्वक कमर तक पानी में जाकर सूर्य देव की आराधना करते थे और उस समय जरुरतमंदों को दान भी देते था। माना जाता है कि कार्तिक शुक्ल षष्ठी और सप्तमी के दिन कर्ण सूर्यदेव की विशेष पूजा किया करते थे।