गुरुग्राम। महापर्व छठ पर अपने घर जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की मजबूरी का निजी बस संचालक जमकर फायदा उठा रहे हैं। हीरो होंडा चौक और खांडसा मंडी क्षेत्र से बिहार व पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के लिए संचालित होने वाली निजी बसों में त्यौहार के नाम पर किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। स्थानीय समाजसेवी राजेश पटेल सहित यात्रा कर रहे शुभम, रजत, श्वेता, राजेश और संदीप का कहना है कि आम दिनों में जिस सफर के लिए यात्री 1,000 से 1,200 रुपये चुकाते थे, अब उसी दूरी के लिए उनसे 3,000 से 3,500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। प्रशासन और परिवहन विभाग की अनदेखी के चलते निजी बस चालकों पर किसी प्रकार का अंकुश नजर नहीं आ रहा है। हाल ही में सरकार और प्रशासन की ओर से छठ पर्व के अवसर पर अतिरिक्त सरकारी बसें और स्पेशल ट्रेनें चलाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे। हालांकि, धरातल पर स्थितियां इसके ठीक उलट हैं। यात्रियों का आरोप है कि सरकारी व्यवस्थाएं न के बराबर हैं और त्यौहार के समय पर्याप्त साधन न मिलने से उन्हें निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी सहनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व उनके लिए सबसे बड़ा उत्सव है और इस समय घर पहुंचना बेहद जरूरी होता है। स्थानीय स्तर पर भी विधिवत पूजा-अर्चना के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं बनाई गई है। यात्रियों का कहना है कि सरकार हर साल पूर्वांचल समाज के लिए स्पेशल ट्रेन, बसें और अन्य सुविधाएं देने का आश्वासन तो देती है, लेकिन धरातल पर सब वादे खोखले साबित होते हैं। सरकारी बदइंतजामी और निजी बस मालिकों की लूट-खसोट से जनता में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
खांडसा से पूर्वांचल-बिहार जाने वाली निजी बसों में मनमाना किराया, त्यौहार पर मजबूरी में लूटे जा रहे यात्री

