गुरुग्राम। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन द्वारा आयोजित विशाल महारैली में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) हरियाणा ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। एटक के राज्य महासचिव कॉमरेड अनिल पंवार के नेतृत्व में प्रदेश के सभी 22 जिलों से बड़ी संख्या में मजदूर, कर्मचारी, आशा, आंगनवाड़ी और मिड-डे मील वर्कर बसों व ट्रेनों के जरिए दिल्ली पहुंचे। रैली के दौरान पूरा रामलीला मैदान लाल झंडों से पटा नजर आया। कार्यकर्ताओं ने वोट चोर, गद्दी छोड़ और ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के जोरदार नारों से मैदान को गुंजायमान कर दिया। अनिल पंवार ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र गंभीर खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर हरियाणा समेत देशभर में लाखों गरीब, दलित, पिछड़े और मजदूर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटकर वोट चोरी की जा रही है। एटक ने मांग की है कि ईवीएम के बजाय चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं और मुख्य चुनाव आयुक्त तुरंत अपने पद से त्यागपत्र दें। पंवार ने कहा कि 4 लेबर कोड को रद्द करने, 40,000 रुपये न्यूनतम वेतन लागू करने और भाखड़ा-ब्यास जैसे सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण के विरोध में मजदूर वर्ग अब इंडिया गठबंधन के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। रैली में इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने हरियाणा से आए एटक के जत्थे का विशेष स्वागत किया। इस प्रदर्शन में कॉमरेड दरियाव सिंह, हरभजन एडवोकेट, मनोज कुमार, संदीप, शिव कुमार, कर्ण सिंह, कुलदीप सिंह, बलवीर कंबोज, सतीश खटकड़, अशोक कुमार, रीता यादव, अनीता यादव और रेणु पवार समेत कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे।
रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की विशाल रैली में शामिल हुई एटक

