डिकोड योर बैलेंस शीट पुस्तक व मैगज़ीन का हुआ विमोचन
गुरुग्राम।‘गुडग़ांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए), नेशनल ट्रेड एंड इंडस्ट्री काउंसिल (एनटीआईसी) तथा ईईपीसी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आज जीआईए हाउस में एमएसएमई क्षेत्र के विकास एवं वित्तीय सशक्तिकरण पर सेमीनार का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर रुपयापैसा डॉट कॉम के संस्थापक एवं वित्तीय विशेषज्ञ मुकेश पांडे द्वारा लिखित पुस्तक डिकोड योर बैलेंस शीट तथा मैगज़ीन एमएसएमई इनसाइट्स के 10वें संस्करण का विमोचन किया गया। एमएसएमई उद्यमियों की वित्तीय चुनौतियों पर लेखक मुकेश पांडे ने कहा कि अमूमन उद्यमी बिक्री और मार्केटिंग पर पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन अपनी बैलेंस शीट और वित्तीय अनुपातों को गहराई से समझ नहीं पाते। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक का मुख्य ध्येय उद्यमियों को अपने वित्तीय स्वास्थ्य को खुद समझने में सक्षम बनाना है, ताकि वे बिना सोचे-समझे ऋण लेने के बजाय कार्यशील पूंजी के लिए रणनीतिक फंडिंग जुटा सकें। समारोह में ईईपीसी इंडिया के रीजनल चेयरमैन प्रदीप के अग्रवाल, रीजनल डायरेक्टर डा. राकेश सूरी, डीजीएफटी के डिप्टी डायरेक्टर जनरल हेमंत कुमार, एमएसएमई डीएफओ करनाल के एडिशनल डवलपमेंट कमिश्रर संजीव चावला, कोटक महिंद्रा बैंक के वरुण चोपड़ा, ईसीजीसी के अम्लेंदु विपुल मिश्रा, बीएसई के सुमित सक्सेना, जीआईए के अध्यक्ष सुमित राव, पूर्व अध्यक्ष जेएन मंगला, एनटीआईसी के अध्यक्ष गुंजन मेहता आदि शामिल रहे। अतिथियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को आर्थिक रूप से जागरूक और स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

