NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

पुलिस ने दोहला गांव में महिला हत्याकांड में तीन आरोपियों को किया काबू

गुरुग्राम। सोहना खंड के दौहला गांव में 35 वर्षीय महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले में क्राइम ब्रांच सोहना ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतका के अंतिम संस्कार के 12 घंटे के भीतर ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध नवीन शर्मा ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी संदीप (35) निवासी दौहला, गुरुग्राम और उसके दो साथी अनुज (29) निवासी सहारनपुर, यूपी व अवनिश (30) निवासी हरिद्वार, उत्तराखंड शामिल हैं।पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतका मुख्य आरोपी संदीप के चचेरे भाई की पत्नी थी। संदीप पहले भारतीय सेना में था, लेकिन धोखाधड़ी के मामलों के चलते 2023 में उसका कोर्ट मार्शल हो गया था। संदीप अपने चचेरे भाई की जमीन बिकवाना चाहता था और उसने एक लाख रुपये बयाना भी दिया था, लेकिन मृतका ने सौदा सस्ता होने के कारण पति से वह पैसा वापस करवा दिया। इसी रंजिश में संदीप ने हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक रुडक़ी में सेना में तैनाती के दौरान संदीप की मुलाकात अनुज से हुई थी। वह उस समय तक ठेके पर लांगरी का काम करता था। अनुज के जरिए ही उसकी मुलाकात अवनिश से हुई। फिलहाल अनुज बिजली विभाग में प्राइवेट नौकरी करता है और अवनिश ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय है। संदीप ने दोनों को हत्या में शामिल किया। 31 अगस्त को तीनों ने महिला के घर की रेकी की। 16 अक्टूबर को सुबह तीनों रुडक़ी से दौहला आए। पहली बार घर में महिला को फोन पर बात करते देख लौट गए और फिर सुबह 10:05 बजे दोबारा आए। अवनिश बाहर निगरानी करने लगा, जबकि संदीप और अनुज घर में घुस गए। बैग में लाई गई टेप से महिला का मुंह बंद किया, रस्सी से हाथ बांधे और गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप को 19 अक्टूबर को सोहना से और उसके दो साथियों को 20 अक्टूबर को रुडक़ी से गिरफ्तार किया। संदीप को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।