गुरुग्राम। बसई स्थित भवानी एंक्लेव क्षेत्र के निवासी पिछले तीन महीनों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र की मुख्य सडक़ पर लंबे समय से सीवर का गंदा और बदबूदार पानी बह रहा है, जिससे पूरा इलाका जलभराव और गंदगी की चपेट में है। इस समस्या के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोज़ाना इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे हादसों और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। दिन-रात फैल रही तीव्र दुर्गंध और जगह-जगह पनप रहे मच्छरों के कारण क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक बीमारियां फैलने का गंभीर भय बना हुआ है। छात्रों का स्कूल आना-जाना दूभर हो गया है और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो चुका है। क्षेत्रवासी कैलाश मेहंदिया, गोविंद अग्रवाल, छोटेलाल प्रधान, कुलदीप और जयप्रकाश का कहना है कि समस्या को लेकर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभाग को कई बार लिखित में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। इतना ही नहीं, परेशान होकर निवासियों ने सीएम विंडो पर भी गुहार लगाई, लेकिन वहां से भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई या सुनवाई नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की इस घोर अनदेखी और लापरवाही के कारण आम जनता का जीना दुश्वार हो गया है। निवासियों ने जिला प्रशासन व सरकार से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर सीवर लाइन की तत्काल सफाई और मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
भवानी एंक्लेव क्षेत्र में सडक़ पर 3 माह से बह रहा है सीवर का गंदा पानी

