गुरुग्राम। नगर निगम कर्मचारी करीब एक माह से हड़ताल पर हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। शहर के मुख्य मार्ग सहित गली-मौहल्लों में गंदगी व्याप्त है। लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बदबू ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है। इसी क्रम में रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर जगह-जगह कचरे और गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। जिस स्थान पर पुलिस चौकी स्थापित है, उसके आसपास ही गंदगी का सबसे बड़ा अंबार बना हुआ है। इसके कारण दिन-रात यातायात व्यवस्था संभालने में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भारी दुर्गंध के बीच ड्यूटी करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार गंदगी और बदबू के बीच काम करने से किसी गंभीर बीमारी की चपेट में आने का डर बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल इस स्थान पर बुलडोजर चलाकर कचरे को एक तरफ करवाए, ताकि राहगीरों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को कुछ राहत मिल सके। यही स्थिति राजेंद्र पार्क क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एकता वाली गली की मुख्य सडक़ और आसपास के इलाकों की भी है, जहां जगह-जगह कूड़े के पहाड़ बने हुए हैं। स्थानीय समाज सेवी राजेश पटेल ने नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि वे स्वयं स्थिति का जायजा लें और आम जनता व पुलिस प्रशासन को इस नारकीय समस्या से जल्द से जल्द निजात दिलाएं।
रेलवे स्टेशन मार्ग और राजेंद्र पार्क क्षेत्र में लगा कचरे का अंबार, बीमारी फैलने का खतरा

