गुरुग्राम। श्रम विभाग में 34 वर्षों की सेवा देने के बाद 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे सहायक श्रम आयुक्त सुरेन्द्र सिंह सहरावत के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त श्रम आयुक्त (एनसीआर) कुशल कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता उप श्रमायुक्त भगत प्रताप सिंह ने की। कुशल कटारिया ने सुरेन्द्र सिंह के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान हमेशा निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम किया। उन्होंने बताया कि सुरेन्द्र ने विभाग में एक स्टेनोग्राफर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और अपनी मेहनत व काबलियत के बल पर सहायक श्रम आयुक्त के पद तक पहुँचे। उनका यह सफर पूरे विभाग के लिए प्रेरणादायक है। श्रम विभाग की ओर से सुरेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया। सुरेन्द्र सिंह सहरावत ने कहा कि जिस प्रकार उन्हें व उनके परिवार को विभाग द्वारा मान-सम्मान दिया गया है, वह सदैव स्मरण रहेगा। इस अवसर पर सहायक श्रम आयुक्त मनोज कुमार, चंद्रपाल, अनिल शर्मा, पवन भाटिया और श्रम निरीक्षक पवन बैराग, जगराम, अनिल कुमार, प्रदीप सिवाच सहित विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। इसके अलावा एटक के राज्य महासचिव एडवोकेट अनिल पवार, लेबर लॉ प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के प्रधान सुनील कौशिक, वरिष्ठ सदस्य बृजेश मिश्रा, पूर्व श्रम निरीक्षक अत्तर सिंह एडवोकेट, अशोक राठी, कुलदीप सिंह और वीरेन्द्र सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपने अनुभव साझा किए।
सहायक श्रमायुक्त कल होंगे सेवानिवृत

