गुरुग्राम। साईबर सिटी में बहन-भाई के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसी क्रम में राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में जहां बेटियों ने सेना के सेवानिवृत्त सैनिक कैप्टन धीर सिंह राखी बांधकर देशभक्ति और भाईचारे का संदेश दिया, वहीं आरपीएफ, जीआरपी व सुरक्षाकर्मियों को राखी बांधकर अपना काम ईमानदारी के साथ निर्वाह करने का आग्रह किया। समाजसेवी राजेश पटेल का कहना है कि इन बेटियों द्वारा तिरंगे रंग के धागों और मोतियों से तैयार की गई राखियां न केवल प्रेम और भाईचारे का प्रतीक हैं, बल्कि इनमें राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और भारत के गौरव का संदेश भी समाहित है। इन राखियों को तैयार करने में बेटियों ने करीब दो महीने तक प्रत्येक रविवार को अपना पूरा समय देकर मेहनत की। रश्मी, रौशनी, पलक, ईशा, शिवानी, सुहानी, सोनाली, निधि आदि बेटियों ने लगातार मेहनत करते हुए प्रत्येक राखी को हाथ से तैयार किया। एक राखी बनाने में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगता है। इन राखियों के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी भी बेटियां अपने व्यक्तिगत कोष से बचत करके करती हैं। इस नेक कार्य में उनके परिवार का भी भरपूर सहयोग और प्रोत्साहन मिलता है। ये बेटियां स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राएं हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर इन बेटियों ने रेलवे स्टेशन पर सेवा देते हुए वहां मौजूद लोगों को भी अपने हाथों से बनाई गई राखियां बांधीं और सभी को भाईचारे, प्रेम तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। गौरतलब है कि बेटियों द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर इस प्रकार राखी बांधने का कार्यक्रम पिछले आठ वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। उनका उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सम्मान, भाईचारे और देशप्रेम की भावना को बढ़ावा देना है।
सेवानिवृत सैनिकों व जीआरपी के जवानों को बेटियों ने बांधी राखी

