गुडग़ांव, : सामाजिक सेवा एवं आध्यात्मिक जागृति के क्षेत्र में अग्रणी संस्था प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सैक्टर 4 स्थित सेवा केंद्र द्वारा नशामुक्ति अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्थानीय उद्योग ऋषभ इलास्टोमर प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें कंपनी के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों को नशे के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक स्वस्थ व व्यसनमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। समारोह के दौरान ब्रह्माकुमारीज सैक्टर 4 सेवा केंद्र की वरिष्ठ बीके सोनिया एवं बीके सुदेश ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नशे के सामाजिक, आर्थिक और शारीरिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। बीके सोनिया ने अपने प्रेरणादायी वक्तव्य में कहा कि आज के दौर में तनाव, मानसिक असंतुलन और गलत संगति के कारण व्यक्ति नशे की ओर तेजी से आकर्षित हो रहा है। नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट नहीं करता, बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति और समाज में उसकी प्रतिष्ठा को भी पूरी तरह दीमक की तरह चाट जाता है। उन्होंने कहा कि मन की शांति और इच्छाशक्ति को आध्यात्मिक ज्ञान व ध्यान के माध्यम से मजबूत करके ही नशे जैसी घातक लत से हमेशा के लिए मुक्ति पाई जा सकती है। बीके सुदेश ने सभी उपस्थित लोगों को कभी भी किसी प्रकार के नशे का सेवन न करने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की भावपूर्ण शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान पूरा परिसर व्यसनमुक्त भारत के नारों और संकल्प की गूंज से जीवंत हो उठा। इस अवसर पर कीमती लाल जैन, विनय जैन, कुसुम जैन, राखी जैन, वागीश जैन, राधेश्याम एवं राज कुमार सहित कई गणमान्य लोग और कंपनी के अनेक कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
ऋषभ इलास्टोमर में कर्मचारियों को ब्रह्माकुमारीज ने दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ

