NCRNewsTechnologyUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

रक्षाबंधन को लेकर गुलजार हुए गुरुग्राम के बाजार, स्वदेशी राखियों की मांग बढ़ी

गुरुग्राम। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व आगामी 28 अगस्त को मनाया जाएगा, लेकिन अभी से ही शहर के बाजारों में इस पर्व को लेकर खासी रौनक देखने को मिल रही है। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के प्रमुख सदर बाजार से लेकर विभिन्न शॉपिंग मॉल्स तक में राखियों की दुकानें सज गई हैं, जहां खरीदारी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस वर्ष राखियों के दामों में गत वर्ष की तुलना में 25 से 30 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया गया है। दुकानदारों के अनुसार जो साधारण राखियां पहले 10 से 15 रुपये में मिल जाती थीं, वहीं इस बार अच्छी राखी की शुरुआत ही 50 रुपये से हो रही है। इसके बावजूद बहनों की आस्था और उत्साह के आगे महंगाई फीकी साबित हो रही है और महिलाएं खुले मन से खरीदारी कर रही हैं। बाजारों में इस बार स्वदेशी और फैंसी राखियों का दबदबा है। दिल्ली और राजस्थान से आई कुंदन, मोती तथा रेशमी धागों से बनी राखियों की खूब बिक्री हो रही है। वहीं, बाजारों से चीनी राखियां पूरी तरह नदारद हैं। बच्चों के लिए बाजार में विशेष प्रकार की राखियां उपलब्ध हैं। मोटू-पतलू, छोटा भीम, डोरेमोन, लिटिल सिंघम और छुटकी जैसे पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की अत्यधिक मांग है। इनकी कीमतें 50 रुपये से लेकर 300 रुपये तक हैं।