NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में भाजपा कार्यालय के सामने सुंदरकांड पाठ करेगी कांग्रेस

गुरुग्राम। अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में सामने आई चंदा चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मामले में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और उन्हें संरक्षण देने वाले भाजपा के नेताओं को सदबुद्धि देने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (ग्रामीण) एक अनोखा प्रदर्शन करने जा रही है। ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव की अगुवाई में आगामी 14 जुलाई, मंगलवार को सुबह 11 बजे भाजपा के गुरुग्राम स्थित जिला कार्यालय गुरुकमल के सामने विशाल श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और राम भक्त जुटेंगे। मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि मंदिर में हुई यह चोरी बेहद शर्मनाक है और इसने देश के करोड़ों हिंदुओं को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए आरोपियों पर बड़ा हमला बोला कि महमूद गजनवी ने तो 27 साल के कार्यकाल में 17 बार सोमनाथ के मंदिर को लूटा था, लेकिन इन चंदा चोरों ने भगवान श्रीराम के पवित्र मंदिर में मात्र 40 दिनों के भीतर 70 बार डकैती डाली है। यह केवल साधारण आर्थिक चोरी नहीं है, बल्कि यह हमारे पूज्य साधु-संतों की कठिन साधना, कोठारी बंधुओं की अमर आराधना और दुनिया भर के 100 करोड़ हिंदुओं की पावन भावना पर सीधा डाका है। वर्धन यादव ने आरोप लगाया कि आरोपियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसने के बजाय भाजपा नेताओं द्वारा उन्हें राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्तों से आग्रह किया है कि वे 14 जुलाई को सुबह 11 बजे अधिक से अधिक संख्या में भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचें। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड पाठ के माध्यम से प्रभु श्रीराम के चरणों में आस्था प्रकट की जाएगी और भगवान से प्रार्थना की जाएगी कि वे चंदा चोरों को सख्त से सख्त सजा दिलवाएं व सत्ता में बैठे भाजपा नेताओं को सही मति और सदबुद्धि प्रदान करें।