गुरुग्राम। गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद और रोहतक जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में रह रहे पूर्वांचल मूल के लोगों ने दीपावली, छठ महापर्व और होली जैसे बड़े त्योहारों पर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने के लिए होने वाली भारी परेशानी को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को ज्ञापन सौंपकर आग्रह किया है कि गुरुग्राम और रेवाड़ी से बिहार-यूपी के लिए विशेष ट्रेन चलवाई जाए। सामाजिक संस्था डा. राजेंद्र प्रसाद फाउण्डेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल का कहना है कि संस्था पिछले कई वर्षों से रेलवे बोर्ड के सदस्यों, स्थानीय विधायकों, सांसदों और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराते आ रही है, लेकिन आज तक इस जनहित की मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। केवल आश्वासन मिलने के कारण अब यहां का प्रवासी समाज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। मांग पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि गुरुग्राम अथवा रेवाड़ी से बिहार के चम्पारण, गया, भोजपुर, आरा, बक्सर, मधुबनी और उत्तर प्रदेश के बलिया व अन्य मार्ग के लिए त्योहारों के अवसर पर विशेष ट्रेनें चलाई जाती हैं, तो प्रवासी श्रमिकों को यात्रा करने की सुविधा मिलेगी, अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था का दबाव काफी कम हो जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूर्वांचल समाज को आश्वस्त किया है कि यह बेहद गंभीर और वास्तविक समस्या है। वे इस मामले में सकारात्मक कदम उठाएंगे और प्रवासियों की इस समस्या का समाधान कराने का पूरा प्रयास करेंगे। कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और पूर्वांचल समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्रीय रेल मंत्री से भी मुलाकात की जाएगी। समाज को पूर्ण विश्वास है कि सरकार जनहित में इस मामले पर त्वरित और सकारात्मक फैसला लेगी, जिससे आम जनता-जनार्दन को सीधा फायदा मिल सके।
पूर्वांचल समाज ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सौंपा मांग पत्र

