गुरुग्राम। भाजपा सीए सेल हरियाणा के संयोजन में गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में बुधवार को सीए दिवस एवं जीएसटी दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय विकसित हरियाणा रहा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट, चिकित्सक और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डा. राजभूषण चौधरी मुख्य अतिथि तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यालय पहुंचने पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने केंद्रीय मंत्री डा. राजभूषण चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और सभी सीए का स्वागत किया। केंद्रीय राज्य मंत्री डा. राजभूषण चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित हरियाणा का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करेगा। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंटों की देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका हैं, जबकि चिकित्सक स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देते हैं। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।डा. राजभूषण चौधरी ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीए अपने ज्ञान और अनुभव के माध्यम से विकसित भारत और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और एकीकृत बनाया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने से व्यापार करने में आसानी बढ़ी है, कर चोरी पर अंकुश लगा है और राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
*देश के विकास की यात्रा में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है: मोहन लाल बड़ौली*
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और हरियाणा भी विकास की इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा से जुड़े नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और समाज के बीच पार्टी का जनसंपर्क और अधिक मजबूत होगा। केंद्रीय मंत्री डा. राजभूषण चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने इस अवसर पर प्रदेशभर के 35 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। इसके साथ ही समाज सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच चिकित्सकों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सीए सेल हरियाणा के प्रदेश संयोजक नितिन बंसल ने की। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने विकसित भारत और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कार्यक्रम के दौरान 50 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नए सदस्यों को भाजपा का पटका पहनाकर संगठन से जुड़ने पर शुभकामनाएं दी।
श्री बड़ौली ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का अनुभव संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि वित्तीय, सामाजिक और प्रशासनिक विषयों की उनकी समझ भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी से जुड़े सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत और विकसित हरियाणा के संकल्प को मजबूत करने में सक्रिय योगदान देंगे। कार्यक्रम के दौरान सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने संगठन के साथ पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।

