गुरुग्राम। प्रदेश सरकार के साथ हुए समझौते को लागू न करने के विरोध में नगर पालिका कर्मचारी संघ गुरुग्राम इकाई के बैनर तले निगम कर्मचारियों ने सेक्टर-34 स्थित निगम मुख्यालय पर इकाई के प्रधान बसंत कुमार की अध्यक्षता में विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने निगमायुक्त पर कथित तानाशाही के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। बसन्त कुमार, राजेश कुमार, धर्मेंद्र जिंगाला व महेश कुमार ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने गत एक मई से 14 मई तक 14 दिनों की राज्यव्यापी हड़ताल की थी। जिसके बाद 13 मई को पंचकूला के हरियाणा भवन में सरकार और संघ के बीच एक लिखित समझौता हुआ था। समझौते के तहत 3480 छंटनीग्रस्त सफाई कर्मचारियों में से 946 पात्र कर्मचारियों को निगम रोल पर लिया जाना था। शेष 2534 कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत समायोजित किया जाना था। सरकार द्वारा इस संबंध में 12 जून को पत्र भी जारी किया जा चुका है, लेकिन नगर निगम अधिकारियों ने इस पर अब तक कोई उचित कार्यवाही नहीं की है, जो पूरी तरह से जनवादी तौर-तरीकों के खिलाफ है। उनका कहना है कि समझौते के अनुसार 14 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन लीव ऑफ काइंड ड्यू करके दिया जाना था, जो अब तक नहीं मिला है। सफाई कर्मचारियों का वर्दी भत्ता लंबे समय से बकाया है। कर्मचारियों ने मांग की है कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पोर्टल को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। निगम प्रशासन जल्द से जल्द यूनियन के साथ बैठक कर एक हफ्ते के भीतर सभी लंबित मांगों का समाधान करे। कर्मचारी नेता ज्ञानचंद, भारत कांगड़ा, गब्बर सिंह और दीपक जोयल ने चेतावनी दी कि यदि 13 मई के फैसले के अनुसार 30 जून तक सभी मानी गई मांगों के आधिकारिक पत्र जारी नहीं किए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आगामी 1 और 2 जुलाई को लंच टाइम में कर्मचारी मुख्य बाजारों और सडक़ों पर उल्टी झाड़ू और काले झंडे लेकर प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों को अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के जिला सचिव सुनील कुमार, दिलबाग और सर्व कर्मचारी संघ जिला के वरिष्ठ उप प्रधान रामनिवास ठाकरान ने भी संबोधित किया और कर्मचारियों की मांगों का पूर्ण समर्थन किया। प्रदर्शन में राकेश वाल्मीकि, जयपाल संगेलिया, सतबीर, सीमा देवी, पिंकी देवी, कमला देवी, तेजपाल, कैलाश, मनजीत, सोमदत्त, कृष्ण कुमार, नैन सिंह, नरेश, राजबीर, बंटी, दीपक, शलैश विक्रम, अरुण बिड़लान, कुलदीप और अशोक कुमार आदि शामिल रहे।
निगम मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर जताया रोष

