गुरुग्राम। पवित्र अधिकमास के पावन अवसर पर जहां देश भर में धार्मिक और सामाजिक कार्यों की बयार बह रही है, वहीं गुरुग्राम में भी सामाजिक संगठन और धर्मप्रेमी जनसेवा के कार्यों में बढ़-चढक़र हिस्सा ले रहे हैं। इसी कड़ी में पालम विहार रोड स्थित अशोक विहार फेज-3 की भारद्वाज मार्केट में समाजसेवी सनी भारद्वाज व रिंकू भारद्वाज द्वारा अपने पिता स्व. मूलचंद शर्मा की स्मृति में छबील का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हुए विधायक मुकेश शर्मा ने विशेष तौर पर शिरकत की और स्वयं मीठा शीतल जल वितरित किया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में अधिकमास का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इस पवित्र महीने में दान-पुण्य और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का सीधा विधान शास्त्रों में बताया गया है। भीषण गर्मी के इस मौसम में राहगीरों को शीतल जल पिलाना सबसे बड़ा परोपकार है। सनी भारद्वाज और रिंकू भारद्वाज ने बताया कि उनके पिता जी हमेशा उन्हें जरुरतमंदों और राहगीरों की सेवा करने की सीख देते थे। आज उनकी स्मृति में किया गया यह आयोजन उनके संस्कारों को जीवित रखने का एक छोटा सा प्रयास है। आयोजन को सफल बनाने में मदन शर्मा, मनीष शर्मा, मुनेश, सोनू, कुलदीप, राहुल, बंटी आदि का सहयोग रहा।
अधिकमास में छबील लगाकर वितरित किया शीतल मीठा जल

