NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

सीएम ने एक लाख 10 हजार करोड़ के एमओयू साइन व हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इंवेस्टर समिट के लोगो का किया अनावरण  

गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हमने हरियाणा के भविष्य की एक नई दिशा और दशा तय की है। एक ऐसा भविष्य, जहां प्रशासन व व्यवस्था और अधिक तीव्र होगी। उद्योग और अधिक सशक्त होंगे, निवेश प्रक्रिया और अधिक सरल होगी। आज का दिन हरियाणा के औद्योगिक विकास और निवेश के दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। गुरू द्रोणाचार्य की पवित्र भूमि से स्मार्ट निवेश सुविधा पोर्टल, लगभग एक लाख 10 हजार करोड़ रुपये के एमओयू और हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इंवेस्टर समिट के लोगो (प्रतीक चिन्ह) का अनावरण हुआ है। इसके लिए उन्होंने सभी निवेशकों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को यहां ग्रैंड हयात होटल में हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा तैयार की गई मेक इन हरियाणा पॉलिसी 2026 तथा नो सेक्टोरल नीतियों की लांचिंग के समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाया है ताकि किसी भी उद्योगपति या निवेशक को स्वीकृतियों के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से इंटेलिजेंट इंवेस्टमेंट फैसिलिटेशन पोर्टल लॉन्च किया गया है जो निवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तेज बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल सरकार और उद्योगों के बीच काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल देगा। उन्होंने कहा कि जब राज्य का बजट तैयार किया गया था तब उद्योगपतियों के बीच जाकर सुझाव आमंत्रित किए थे और उन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए नई औद्योगिक नीतियों में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर होना इस बात का प्रमाण है कि उद्योग जगत को हरियाणा सरकार पर पूरा भरोसा है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि ये एमओयू केवल निवेश के आंकड़े नहीं हैं, बल्कि हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य का विश्वास है। इससे नए उद्योग स्थापित होंगे, नई सप्लाई चेन विकसित होगी, एमएसएमई क्षेत्र को नए अवसर मिलेंगे तथा युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक द्वार खुलेंगे। यह हरियाणा की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देने वाला कदम है। नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा ऐसा भविष्य तैयार कर रहा है जहां प्रशासनिक व्यवस्था तेज गति से कार्य करे। उद्योग और अधिक सशक्त बनें, निवेश प्रक्रिया सरल हो तथा विकास के अवसर व्यापक हों। उन्होंने कहा कि आज आज उद्योग केवल इंसेंटिव नहीं, बल्कि इको सिस्टम भी देखते हैं और वो यह भी देखते हैं कि कौन-सा राज्य तेज निर्णय लेने में सक्षम है। कौन सा राज्य भरोसा देता है और लंबे समय तक विकास में साझेदार बन सकता है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि आज हरियाणा देश की सबसे मजबूत उद्योग अर्थव्यवस्था में से एक है।नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा भविष्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।