NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

राजकीय विद्यालयों में होने वाले दाखिलों में आ रही गिरावट है चिंता का विषय : संतोख सिंह

गुरुग्राम। संयुक्त किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष व जिला बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान संतोख सिंह ने जिले के राजकीय विद्यालयों में छात्रों के दाखिलों में आई भारी गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जहां लगभग 1.50 लाख विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया था, वहीं सत्र 2026-27 में यह संख्या घटकर करीब 1.22 लाख रह गई है। इस प्रकार एक वर्ष में लगभग 28 हजार विद्यार्थियों की कमी दर्ज की गई है, जो 18.6 प्रतिशत की गंभीर गिरावट को दर्शाती है। यह स्थिति न केवल चिंताजनक है, अपितु राजकीय शिक्षा व्यवस्था के हालातों पर प्रश्नचिह्न लगाती है। उनका कहना है कि प्रवेश उत्सव, जागरूकता अभियान और व्यापक प्रचार-प्रसार के बावजूद यदि दाखिलों में कमी आ रही है, तो यह स्पष्ट संकेत है कि जमीनी स्तर पर समस्याएं अभी भी जस की तस बनी हुई हैं। शिक्षकों पर गैर-शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों का अत्यधिक बोझ है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूलों में बड़ी संख्या में शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और स्थायी नियुक्तियों में हो रही देरी स्थिति को और गंभीर बना रही है। यदि प्रवेश उत्सव जैसे कार्यक्रमों पर खर्च किए जा रहे संसाधन अपेक्षित परिणाम नहीं दे रहे हैं, तो उनकी प्रभावशीलता की गंभीर समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग से मांग की कि दाखिलों की संख्या में आ रही गिरावट के कारणों का गहन विश्लेषण कर ठोस और प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली को मजबूत बनाया जाए, ताकि छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके।