NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

सीआरपीएफ दीक्षांत समारोह का हुआ आयोजन, 46 अधिकारियों ने ली राष्ट्र सेवा की शपथ  

गुरुग्राम। सीआरपीएफ अकादमी परिसर में दीक्षान्त समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सीआरपीएफ के अधिकारियों व कर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सीआरपीएफ के 46 अधिकारियों ने राष्ट्र सेवा की शपथ के साथ प्रशिक्षण को पूर्ण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार भाग लिया और पासिंग परेड की सलामी ली। उन्होंने सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशिक्षु अधिकारियों के परिजनों के साथ पिपिंग समारोह में भी भाग लिया। गृह राज्य मंत्री ने पासिंग परेड की सराहना करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने में केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सीआरपीएफ को वीरता, ईमानदारी, त्याग और समर्पण का प्रतीक बताते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में इन अधिकारियों की क्षमता पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। सीआरपीएफ के एसडीजी जकी अहमद ने गृह राज्य मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया और बल की आंतरिक सुरक्षा की बदलती चुनौतियों से निपटने की प्रतिबद्धता दोहराई। सीटीओ/कमांडेंट (प्रशिक्षण) साधु शरण यादव ने सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों को शपथ दिलाई। सीआरपीएफ अकादमी के एस. डी. जी/निदेशक अमित कुमार ने समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। परेड का नेतृत्व एसी (टी) खेसितो योखा ने किया। प्लाटूनों का नेतृत्व क्रमश: एसी (टी) प्रतिष्ठा राय और राजीव रंजन ने किया। परेड के एडजुटेंट एसी (टी) प्रवीण कुमार रहे। खेसितो योखा को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु घोषित किया गया। उन्हें गृह मंत्री ट्रॉफी, स्वोर्ड ऑफ ऑनर, सर्वश्रेष्ठ ड्रिल और सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रशिक्षु के पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतिष्ठा राय को इनडोर विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु घोषित किया गया।  खेसितो योखा को प्रतिष्ठित डायरेक्टर बैटन से भी सम्मानित किया गया। अंगोम रोनेश सिंह को शारीरिक प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। खेसितो योखा को सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज का पुरस्कार भी दिया गया। अंकित नंदन को टैक्टिक्स में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु घोषित किया गया। स्क्वाड नंबर 2 को सर्वश्रेष्ठ स्क्वाड घोषित किया गया और उसे सीआरपीएफ डीजी का बैनर प्रदान किया गया।