गुरुग्राम। रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित बाबा प्रकाशपुरी चौक क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा शामिल हुए और उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनकर समाधान कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में ही कॉलेज छात्रा रश्मि व ज्योति ने विधायक के समक्ष विभिन्न मुद्दों पर सवाल किए। उनका कहना था कि बिहार विधानसभा चुनाव के समय सरकार द्वारा विशेष रेलगाड़ी चलाई गई थी, ताकि बिहार के मतदाता समय पर पहुंचकर वहां मतदान कर सकें, जोकि एक सराहनीय कदम था। लेकिन पूर्वांचल मूल के लोगों के लिए सबसे बड़े छठ महापर्व, होली या अन्य किसी विशेष पर्व पर विशेष रेलगाड़ी क्यों नहीं चलाई गई तथा राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में पक्के छठ घाट का निर्माण कब होगा। छात्राओं की बात सुनकर विधायक ने जहां उनकी सरहाना की, वहीं उन्हें आश्वस्त किया कि विशेष रेलगाड़ी संचालन के लिए आप लिखित में पत्र दीजिए ताकि रेल मंत्री तक यह मुद्दा पहुंचाया जा सके। वहीं छठ घाट के लिए स्थान का चयन किया जा रहा है। जिससे कि पूर्वांचल समाज को शानदार पक्का छठ घाट बनाकर दिया जा सके। क्षेत्र के समाजसेवी राजेश पटेल का कहना है कि विधायक द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार दोनों कार्यों से संबंधित लिखित में एक पत्र छात्राओं द्वारा विधायक को दिया जाएगा।
छात्राओं ने विधायक से किए सवाल

