गुरुग्राम। नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर निगम कर्मचारियों ने नगर पालिका कर्मचारी संघ का इकाई के जिला प्रधान बसंत कुमार की अध्यक्षता में अग्रिशमन कर्मचारियों के समर्थन में पुराने नगर निगम कार्यालय पर एकत्रित होकर अग्रवाल धर्मशाला चौक से गुरुद्वारा रोड पर प्रदर्शन किया और उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बसंत कुमार का कहना है कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सेक्टर 29 दमकल केंद्र पर हड़ताल की हुई है, लेकिन सरकार अभी तक उनकी मांगों पर कोई समाधान नहीं निकाल पाई हैं। फरीदाबाद में घटित हुई घटना स्पष्ट करती है कि सरकार को कर्मचारियों की कोई परवाह नहीं है। कर्मचारी नेता सुशील शर्मा, सतबीर सिंह, सुरेश नोहरा, कंवरलाल, तेजपाल सैनी, राजेंद्र अहलावत, उषा सरोहा, सुशीला देवी, राजेश कुमार, साहुन खान, सुनील कुमार, धर्मेंद्र आदि का कहना है कि गर्मी के मौसम के चलते प्रदेश भर में रोजाना सैकड़ों की संख्या में आगजनी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद जिला स्तर के फायर अधिकारी सरकार को लगातार यह कहकर गुमराह कर रहे हैं कि आग बुझाने का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। उनका कहना है कि प्रदेशभर के सभी दमकल केंद्रों पर नियमित व अनियमित कर्मचारी पूरे जोश और हौसले के साथ हड़ताल पर डटे हुए हैं, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। मुख्यमंत्री को स्वयं पहल कर हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता कर इस मुद्दे का समाधान निकालना चाहिए। उनका कहना है कि फरीदाबाद अग्निकांड में मृतक दमकल कर्मचारियों को शहीद का दर्जा दिया जाए, आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, पे-रोल व कौशल निगम कर्मचारियों को फायर ऑपरेटर के पदों पर समायोजित किया जाए, पिछले 6 वर्षों से लंबित वेतन वृद्धि का एरियर सहित भुगतान किए जाएं। उन्होंने कहा कि मानेसर के उद्योगों में लगे मजदूरों के ऊपर पुलिस द्वारा बर्बरता से लाठीचार्ज के विरोध में व फायर के दमकल कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में आगामी 21 व 22 अप्रैल को नगर निगम गुरुग्राम के कर्मचारी काली पट्टी बांधकर ड्यूटी करेंगे और विरोध प्रदर्शित करेंगे। इस अवसर पर कर्मचारी नेता ज्ञानचंद, संगठन सचिव तेजपाल, गब्बर सिंह, दयाचंद, अशोक कुमार, कुलदीप कैलाश, फायरमैन नवीन, सुनील राजकुमार अनिल कुमार, इकबाल, अनुपाल, जोगिंदर, मेहर चंद आदि मौजूद रहे।
अग्रिशमन कर्मचारियों के समर्थन में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

