गुरुग्राम। 17 दिन से प्रदेश सरकार की नीतियों के विरुद्ध पुराने नगर निगम कार्यालय परिसर में हड़ताल पर बैठे नगर निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को इनेलो के शहरी जिलाध्यक्ष कुलदीप कटारिया, युवा अध्यक्ष गौरव भाटी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज दहिया ने अपनी टीम के साथ हड़ताल स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने गरीब सफाई कर्मचारियों पर अन्याय बंद नहीं किया, तो इनेलो कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। शनिवार को प्रदर्शनकारी कर्मचारी अग्रसेन चौक, महावीर चौक और बस स्टैंड होते हुए विधायक मुकेश शर्मा के राजीव नगर स्थित कार्यालय पहुंचे। विधायक की गैर-मौजूदगी में कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान विधायक के स्टाफ द्वारा टोकने पर कर्मचारियों के साथ तीखी नोकझोंक हुई। आक्रोशित कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर मांगों का ज्ञापन चस्पा कर दिया। यूनियन नेताओं बसंत कुमार, सुरेश नोहरा , सम्मी बोहत, जोगिंदर, भारत कांगड़ा, धर्मेंद्र जिंगाला ने कहा कि 13 मई को हुई वार्ता में सरकार ने 30 जून तक 1,175 फायरमैनों और 13,000 पालिका रोल कर्मियों को पक्का करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, 15,200 न्यूनतम वेतन, छंटनीग्रस्त कर्मचारियों की बहाली तथा 5,000 जोखिम भत्ते का वादा किया था। कर्मचारी नेताओं ने अल्टीमेटम दिया कि यदि 24 अगस्त तक माँगों के लागू करने के आदेश जारी नहीं किए गए, तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा।
17 दिन से हड़ताल पर बैठे सफाईकर्मियों को इनेलो ने दिया समर्थन

