Uncategorized

बिहार मूल के प्रवासियों ने त्योहारों पर स्पेशल ट्रेन की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन

गुरुग्राम। रक्षाबंधन, दीपावली, छठ और होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेवाड़ी-गुरुग्राम मार्ग से बिहार व उत्तर प्रदेश के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग तेज हो गई है। इसी सिलसिले में दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में पधारे राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र सौंपने वाले राजेश पटेल, छोटेलाल प्रधान आदि ने बताया कि पिछले 8 वर्षों से गुरुग्राम की धरती से रेलवे बोर्ड सलाहकार समिति, स्थानीय विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री तक को लगातार ज्ञापन दिए जाते रहे हैं। हालांकि, हर बार केवल आश्वासन ही मिला और धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हार-थककर अब उत्तर प्रदेश और बिहार के शीर्ष नेताओं का दरवाजा खटखटाया गया है, ताकि यह मांग सीधे रेल मंत्रालय और भारत सरकार तक मजबूती से पहुंच सके। उनका कहना है कि त्योहारों के मौसम में गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 6 लाख से अधिक प्रवासी मजदूर और आम जनता सफर करती है। त्योहारों से 60 दिन पहले ही नियमित ट्रेनों की सीटें फुल हो जाती हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा भीड़ वाले निम्नलिखित 5 प्रमुख रूटों सीवान – छपरा – मुजफ्फरपुर – दरभंगा, गोरखपुर – चंपारण, बनारस – आरा – बक्सर, मुंगेर – भागलपुर तथा कटिहार – खगडिय़ा पर स्पेशल ट्रेनें चलाने की पुरजोर मांग की गई है। मांग पत्र सौंपने के साथ ही पूर्वांचल की बेटियों की ओर से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद सुधांशु त्रिवेदी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पवित्र रक्षासूत्र भी भेंट की गई। प्रतिनिधियों का कहना है कि आगामी दीपावली और छठ पर्व में अब कुछ ही समय बाकी रह गया है। हाल ही में गुरुग्राम स्टेशन से इलेक्शन स्पेशल ट्रेन चलाई गई थी, जिससे यह स्पष्ट है कि इस रूट पर क्षमता मौजूद है। अब देखना यह होगा कि पूर्वांचल के प्रवासियों को राहत देने के लिए पर्व स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत कब से की जाती है।