NCRNewsUncategorizedWorldअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

हमारी समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं : राव नरबीर सिंह*

गुरुग्राम।हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होते, बल्कि समाज में समरसता, संवेदनशीलता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को सशक्त बनाने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि साहित्य और रंगमंच हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं तथा इनके माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय सभ्यता, मानवीय भावनाओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है। वे गुरुग्राम के सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में आयोजित ‘देवदास – ए ग्रैंड म्यूजिकल स्टेज स्पेक्टेकल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। राव नरबीर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महान साहित्यकार शरत चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर कृति देवदास को भव्य रंगमंचीय प्रस्तुति के रूप में प्रस्तुत करना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने आयोजकों, कलाकारों और पूरी टीम को इस शानदार सांस्कृतिक आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में कला, साहित्य और संस्कृति के प्रति नई चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रस्तुतियां युवाओं को भारतीय साहित्य और रंगमंच से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित कलाकारों एवं आयोजन समिति के सदस्यों से भी मुलाकात की तथा उनके प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में रंगमंच के माध्यम से देवदास की मार्मिक कथा का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में कला प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।