गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर एवं ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय गुरु कमल में जबरन घुसने के घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी ओछी मानसिकता, राजनीतिक नौटंकी और आस्था के नाम पर सस्ती राजनीति करने का प्रयास किया है।सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि जिस कांग्रेस ने वर्षों तक रामसेतु के अस्तित्व पर प्रश्न उठाए और भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताने वाले हलफनामे एवं बयान दिए, वही कांग्रेस आज भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीतिक नौटंकी करने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह दोहरा चरित्र देश और समाज के सामने उजागर हो चुका है। भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं और उनके नाम का उपयोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि गत दिवस उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर वास्तव में श्रद्धा और आस्था की भावना से भाजपा जिला कार्यालय गुरु कमल में सुंदरकांड का पाठ करना चाहते हैं तो भारतीय जनता पार्टी उनका खुले मन से स्वागत करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक स्टंट या प्रचार का माध्यम नहीं होना चाहिए।भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पहले ही भाजपा जिला कार्यालय गुरु कमल के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की हुई थी। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना करते हुए कार्यालय में जबरन प्रवेश का प्रयास किया। पुलिस प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी के साथ कानून का पालन करते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन चेतावनी के बाद भी कानून का उल्लंघन जारी रखने पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को गिरफ्तार कियाउन्होंने कहा कि गुरुग्राम और देश की जनता जनार्दन कांग्रेस की इस राजनीतिक नौटंकी और दोहरे चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है तथा भविष्य में भी ऐसे अवसरवादी प्रयासों का उचित जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।पत्रकारों द्वारा कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर सर्वप्रिय त्यागी ने कहा वर्धन यादव व्यक्तिगत रूप से अच्छे व्यक्ति हैं लेकिन वे गलत पार्टी में हैं। मुझे विश्वास है कि यदि वे सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित की राजनीति को समझेंगे तो निश्चित रूप से सही दिशा का चयन करेंगे।आज इस प्रेसवार्ता में जिला मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी, जिला प्रवक्ता रमेश बेनीवाल एवं नेहा वत्स मौजूद रही।
रामसेतु और भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस आज राम के नाम पर कर रही है ओछी राजनीति: सर्वप्रिय त्यागी*

