गुरुग्राम। सामाजिक समावेश और समानता को बढ़ावा देते हुए सीएसआर के ईपरिवर्तन अभियान के तहत ऑटोमोबाइल क्षेत्र की अग्रणी मारुति सुज़ुकी द्वारा क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (सीएबीआई) की संस्था क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड दिल्ली (सीएबीडी) के दृष्टिबाधित खिलाडिय़ों के साथ सेक्टर 70 स्थित स्पोर्ट्सक्यूब सेंटर फॉर एक्सीलेंस में मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मारुति सुज़ुकी के कर्मचारियों व सीएबीडी के खिलाडिय़ों के बीच 10-10 ओवरों के 2 मैच खेले गए। दोनों ही मैचों में सीएबीडी की टीम ने अपनी बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि यह पूरा मुकाबला ब्लाइंड क्रिकेट के आधिकारिक नियमों के तहत खेला गया, जिसमें आवाज़ करने वाली विशेष गेंदों और बैटिंग, बॉलिंग व फ़ील्डिंग के संशोधित नियमों का पालन किया गया। मारुति सुज़ुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राहुल भारती का कहना है कि सीएबीडी टीम के साथ खेलकर मारुति की टीम को दृढ़ संकल्प और जज़्बे को करीब से देखने का मौका मिला। यह आयोजन हमें दिव्यांगजनों के साथ मिलकर काम करने, सहानुभूति बढ़ाने और समानता की भावना के साथ एक बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देता है। सीएबीडी के खिलाडिय़ों को खेल को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट किट भी भेंट की गईं। मारुति के 1100 से अधिक कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपनी सेवाएं दीं। इस प्रयास से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक देखभाल से जुड़ी 30 से अधिक गतिविधियों के माध्यम से 8,700 से अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
मारुति सुजूकी व सीएबीडी के दृष्टिबाधित खिलाडिय़ों के बीच हुआ मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच

