गुरुग्राम। चिलचिलाती भीषण गर्मी के बीच जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए सामाजिक संस्थाओं ने कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में सामाजिक संस्था प्लांट केयर टीम द्वारा एक सराहनीय मानवीय पहल देखने को मिली। टीम के सदस्यों ने सैक्टर 9ए स्थित झुग्गी-झोपडिय़ों में जाकर जरूरतमंद परिवारों के बीच मिट्टी से निर्मित मटके वितरित किए। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य उन गरीब परिवारों तक ठंडे पानी की सुविधा पहुंचाना है, जो इस कडक़ती धूप और उमस भरे मौसम में फ्रिज खरीदने में असमर्थ हैं। संस्था के सत्येन्द्र शर्मा ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में झुग्गियों में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। उनके पास पीने के पानी को ठंडा रखने का कोई साधन नहीं होता, जिसके कारण उन्हें मजबूरन गर्म पानी पीना पड़ता है या फिर दूर-दराज के इलाकों से पानी का इंतजाम करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मिट्टी का मटका न सिर्फ पानी को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखता है, अपितु यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है। हमारी एक छोटी सी कोशिश इन परिवारों को इस भीषण गर्मी में थोड़ी राहत दे सकती है। अभियान को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों का सहयोग रहा।
भीषण गर्मी में सहारा बने मिट्टी के मटके, प्लांट केयर टीम ने झुग्गियों में बांटे मटके

