NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

नूंह में ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी

गुरुग्राम। नूंह। नूंह में तीन अगस्त को होने वाली ब्रज मंडल जलाभिषेक शोभा यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर हैं। पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट रहेंगी। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।
नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने रविवार को बताया कि यात्रा की सुरक्षा में 800 पुलिस कर्मी, 10 डीएसपी और सात कंपनियां तैनात रहेंगीं। आकाश मार्ग यानी ड्रोन से भी यात्रा और आसपास पर नजर रखी जाएगी। पूरे यात्रा मार्ग पर 28 पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं, जहां प्रत्येक वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जाएगी। सभी नाकों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी रहेगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए घुड़सवार पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वायड), खोजी कुत्तों की टीम, कमांडो और रैपिड एक्शन फोर्स  के जवान भी तैनात किए जाएंगे। यात्रा की निगरानी के लिए पांच ड्रोन और 20 हाई-रिजॉल्यूशन वीडियो कैमरे लगाए गए हैं, जबकि पूरे मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। बडकली चौक, केएमपी रेवासन पुल सहित प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। यात्रा के साथ-साथ प्रत्येक महत्वपूर्ण हिस्से में एक-एक डीएसपी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यात्रा में किसी भी प्रकार के हथियार लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस की नजर विशेष रूप से संदिग्ध और विवादित गतिविधियों पर रहेगी। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी शरारती तत्व की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जा सके। आवश्यकता पडऩे पर टीयर गैस गन और अन्य भीड़ नियंत्रण संसाधनों का भी उपयोग किया जा सकेगा। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों से निपटने के लिए लाइट मशीन गन से लैस सुरक्षा बल भी तैनात रहेंगे। जिला प्रशासन और नूंह पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि सभी सुरक्षा प्रबंधों का उद्देश्य यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।