गुरुग्राम। जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाने के लिए किया जाने वाला अंग दान बहुत बड़ा दान है। अंग दान के लिए हरियाणवीं अपने कदम आगे बढ़ा रहे हैं। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने प्रदेश में अंगदान की मुहिम को गति देने का काम किया है। इससे हरियाणा में अंगदान की एक नई क्रांति जागृत हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का कहना है कि मौत अटल है, लेकिन हम तय कर सकते हैं कि हमारी मौत भी किसी के जीवन का कारण बने। आरती राव के प्रोत्साहन का असर हुआ है कि पीजीआईएमएस रोहतक में एक महीने में रिकॉर्ड तीन अंगदान हुए हैं। उन्होंने न सिर्फ नीतियां बदलीं, बल्कि खुद इस मुहिम को जन-आंदोलन बनाया। मंत्री आरती राव ने अंगदान को फाइलों से निकालकर इसे जनता के बीच चर्चा का विषय बनाकर इस नेक काम को गति दी। उन्होंने कहा है कि स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन हरियाणा के माध्यम से एनजीओ और अपने-अपने स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे। पंचायत स्तर पर चौपालों में आमजन को अंगदान के प्रति जागरुक किया जाएगा। युवा टोलियां गांव-गांव जाकर बताएंगी कि एक ब्रेन डेड व्यक्ति आठ लोगों को नई जिंदगी दे सकता है। बुजुर्ग अपने अनुभव से समझाएंगे कि जो शरीर चिता में जल जाना है, अगर उससे किसी का जीवन बच जाए तो इससे बड़ा धर्म कोई नहीं।
समाजसेवी अनिल रायपुर कहते हैं कि मंंत्री आरती राव ने जो बीड़ा उठाया है, हम उस नेक काम के हवन में आहुति देंगे। हरियाणा का बच्चा-बच्चा अब अंगदान का महत्व जानेगा। हम उनकी मुहिम को रुकने नहीं देंगे। ब्लॉक समिति चेयरमैन छत्रपाल ने कहा कि हम स्वास्थ्य मंत्री बहन आरती राव का हृदय से धन्यवाद व्यक्त करते हैं। उन्होंने वह काम कर दिखाया जो सालों से अधूरा था। पूर्व सरपंच सूबे सिंह एवं बुजुर्ग आशाराम चौकन के अनुसार पीजीआई के ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर सिर्फ लाइव ट्रांसप्लांट करवाने में व्यस्त थ। जागरुकता नहीं थी। लोग डरते थे। स्वास्थ्य मंत्री ने इसकी बीड़ा उठाया। सरपंच सूबे सिंह ने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने संकल्प लिया है कि वे माननीय स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का हर कदम पर पूरा सहयोग करेंगे।
अंगदान के लिए हरियाणा में बढ़ रही जागरुकता: आरती राव

