गुरुग्राम। हरियाणा एटक के 18वें राज्य सम्मेलन का आयोजन रेवाड़ी स्थित जाट धर्मशाला परिसर में किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में डेलीगेट्स और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मुख्य वक्ता के रुप में शामिल एटक की राष्ट्रीय नेता कामरेड अमरजीत कौर ने झंडा ध्वजारोहण कर मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर कामरेड विद्यासागर गिरी, कामरेड प्रसाद, पहल सिंह तंवर, सुरेश गोड़, एमएल सहगल, बाबू लाल यादव, दरियाव सिंह, हरभजन सिंह, आर.एन सिंह, कुलदीप सिंह, सतपाल नैन, राजबीर चहल, अजय कुमार, अनीता यादव और मनोज कुमार आदि मौजूद रहे। कामरेड अमरजीत कौर ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी, ठेकेदारी प्रथा और निजीकरण से मजदूर, किसान व कर्मचारी बेहाल हैं। एटक इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आज देश का मजदूर, कर्मचारी और किसान सबसे ज्यादा असुरक्षित दौर से गुजर रहा है। ठेकेदारी प्रथा, आसमान छूती महंगाई, विकराल बेरोजगारी और सरकारी उपक्रमों के निजीकरण ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। एटक इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अब एक निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष कामरेड पहल सिंह तंवर और प्रदेश महासचिव कामरेड अनिल पवार एडवोकेट ने सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इस सत्र में राज्य रिपोर्ट पेश की गई और आगामी संघर्ष तथा भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन का मुख्य नारा मजदूर-कर्मचारी-किसान एकता जिंदाबाद रहा।
हरियाणा एटक के 18वें राज्य सम्मेलन में जुटे श्रमिक, कर्मचारी व किसान नेता

