NCRअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

घंटों बिजली कटौती होने से भडक़े स्थानीय निवासी, सडक़ों पर उतरकर किया प्रदर्शन

गुरुग्राम। बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज स्थानीय लोगों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। लंबे समय से जारी बिजली कटौती और विभाग की अनदेखी से परेशान होकर नागरिकों ने बसई चौक और दौलताबाद फ्लाईओवर पर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात काफी प्रभावित हुआ। लोगों ने सरकार और बिजली प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकार व बिजली निगम के कर्मचारियों के मध्य कोई बातचीत है तो उसे वार्ता के माध्यम से सुलझाया जा सकता है। ऐसे में आमजन को क्यों परेशान किया जा रहा है। बिजली जाने से अन्य कामकाज भी प्रभावित हुए। पानी का संकट भी गहरा गया है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब विद्युत विभाग की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो मजबूरन उन्हें विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा। प्रदर्शन के कारण बसई चौक वाहनों की कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू कराने का ठोस आश्वासन दिया।