गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के राजनीतिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल कर लिया है। इस ऐतिहासिक कीर्तिमान के बनते ही भाजपा समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और मिठाइयां बांटकर खुशी मना रहे हैं। लक्ष्मण विहार क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसकों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। सामाजिक संस्था डा. राजेंद्र प्रसाद फाउण्डेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल का कहना है कि यह केवल किसी एक नेता का रिकॉर्ड नहीं है, अपितु यह देश की जनता के उस भरोसे की जीत है जो उन्होंने स्थिर नेतृत्व और कड़े फैसलों पर जताया है। एक लंबे समय तक गठबंधन सरकारों के दौर को देखने के बाद, देश की जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व में एक मजबूत और पूर्ण बहुमत वाली सरकार को चुना, जिसने देश को आंतरिक और बाहरी मोर्चों पर मजबूती दी। उनका कहना है कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया और बुनियादी ढांचे के विकास जैसी योजनाओं ने जमीन पर बड़ा बदलाव लाया है। इसी का परिणाम है कि जनता का विश्वास उन पर लगातार बना हुआ है। इस अवसर पर अजय सिंह, गौतम, राजेश सिंह, संदीप कुमार, विक्की पंडित, राहुल, मयंक, सुनील, देवेन्द्र, योगेन्द्र, विजय आदि मौजूद रहे।
सबसे लंबे समय तक निरंतर सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी, समर्थकों में भारी उत्साह

