गुरुग्राम।हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाएगा। गुरुग्राम में आयोजित एक निजी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन के बाद प्रत्येक सरकार ने अपने स्तर पर प्रदेश के विकास में योगदान दिया है, लेकिन पिछले लगभग 11 वर्षों में विकास की गति और कार्य संस्कृति में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है और सरकार का लक्ष्य विकास की इस रफ्तार को और तेज करना है।कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं, गरीबों और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में पारदर्शी एवं जनहितैषी शासन व्यवस्था स्थापित कर लोगों का विश्वास मजबूत किया है। यही विश्वास हरियाणा को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का आधार बनेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सहभागिता आधारित नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार बजट निर्माण से पहले उद्योग जगत सहित विभिन्न क्षेत्रों के हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श की परंपरा शुरू की गई है, ताकि उनकी जरूरतों और सुझावों को नीतियों में शामिल किया जा सके। इसी सोच के अनुरूप नई औद्योगिक नीति तैयार करने से पहले देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों की सर्वोत्तम व्यवस्थाओं का अध्ययन किया गया। इसके बाद उद्योग संगठनों के साथ कई दौर की बैठकें कर उनके सुझावों को नीति में समाहित किया गया, जिससे हरियाणा की औद्योगिक नीति निवेशकों की अपेक्षाओं के अनुरूप और अधिक प्रभावी बन सकी।मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में सड़क, मेट्रो, आरआरटीएस, जल निकासी और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। आगामी वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य हो रहा है, जिससे गुरुग्राम को वैश्विक स्तर के आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ड्रेनों की सफाई, रिचार्ज सिस्टम और अन्य आवश्यक कार्य पहले ही पूरे किए जा रहे हैं। लक्ष्य है कि बारिश के दौरान आमजन को न्यूनतम परेशानी हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली तथा प्रवीण अत्रेय, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

