NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

विश्व ब्राह्मण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य से भेंटकर लिया आशीर्वाद

गुरुग्राम। सामाजिक संस्था विश्व ब्राह्मण संघ के चेयरमैन शशि कांत शर्मा के नेतृत्व में संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने श्री कांची कामकोटि पीठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी विजेंद्र सरस्वती महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन, सामाजिक समरसता, युवा सहभागिता तथा ब्राह्मण समाज के उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। संस्था के चेयरमैन शशि कांत शर्मा ने कहा कि शंकराचार्य का स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद संगठन के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत है। संस्था समाज में शिक्षा, संस्कार, सेवा, संगठन और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी तथा शंकराचार्य के मार्गदर्शन में इन प्रयासों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। उनका कहना है कि जगद्गुरु शंकराचार्य विजेंद्र सरस्वती महाराज का करीब 19 वर्षों के बाद दिल्ली आगमन हुआ है। उनके आगमन से श्रद्धालुओं एवं सनातन धर्मावलंबियों में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण है। प्रतिनिधिमंडल में विश्व ब्राह्मण संघ युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंबर स्वामी सहित महिला अध्यक्ष शमा शर्मा, केसी भारद्वाज, मीनू शर्मा, गौरव शर्मा, दिनेश वशिष्ठ, नेहा शर्मा, मयंक शर्मा, राजीव शर्मा, संजय शर्मा एवं नागाराजन आदि शामिल रहे।