गुरुग्राम। नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ दुर्गा की दिव्य शक्ति और नारी सम्मान को समर्पित महाशक्ति उत्सव का भव्य आयोजन लेडी फ्लोरेंस कॉन्वेंट स्कूल में किया गया, जिसमें भारतीय परंपरा, संस्कृति और अपार उत्साह का मनमोहक संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर की रंग-बिरंगी सजावट और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उमंग व उल्लास से भर दिया। कार्यक्रम में महिलाओं और माताओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। उत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक डांडिया नृत्य रहा, जहाँ महिलाओं ने संगीत की मधुर धुनों पर डांडिया खेलकर खुशियाँ साझा कीं। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने मिलकर व्यवस्थाएँ संभालीं और टीम भावना व जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। विद्यालय की निदेशक अरुणा डांग ने कहा कि महाशक्ति केवल माँ दुर्गा की आराधना का उत्सव नहीं है, बल्कि यह हर महिला के भीतर मौजूद शक्ति, साहस और आत्मविश्वास को पहचानने का संदेश देता है। महिलाएं परिवार, समाज और देश के विकास की धुरी हैं, इसलिए उनका सम्मान और उन्हें समान अवसर देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ ऐसे संस्कार देना है, जिससे वे हर महिला का सम्मान करना सीखें। भारतीय त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने और सामाजिक समानता व सहयोग की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं।
महाशक्ति के रंगों में सजा नवरात्रि उत्सव, डांडिया और धुनुची नृत्य ने बांधा समां

