NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराज्य

मन की सच्ची शांति ही है सुख का आधार : बीके मुन्नी  

गुरुग्राम। धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज द्वारा आईएमटी मानेसर क्षेत्र में बनाए गए दादी गुलजार शांति उपवन का संस्था की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मुन्नी ने अनावरण किया है। इस उपवन में दादी गुलज़ार की स्मृतियों से संबंधित चित्र संग्रहालय एवं योग अनुभूति कक्ष का भी अनावरण किया। बीके मुन्नी का कहना है कि दादी ने अपना काफी समय इस तपोभूमि में व्यतीत किया। वह सदैव ही सच्चाई, सादगी और विनम्रता की प्रतिमूर्ति रही। 8 वर्ष की आयु से दादी अपनी माताजी के साथ आध्यात्मिकता से जुड़ी। 87 वर्षों का उनका आध्यात्मिक सफर सभी के लिए प्रेरणादायक रहा। उनका कहना है कि यह स्थान शांति की तपोस्थली है। इसका नवीनीकरण जीवन में नवीनता प्रदान करेगा। आत्मिक उन्नति का ये विशेष केंद्र है। मन की सच्ची शांति ही सुख का अनुभव कराती है। जिस प्रकार आज विश्व का वातावरण है, उसके लिए इस प्रकार के शांति स्थल जरूरी हैं।  रजत रश्मियां अभियान के तहत वर्षभर चलने वाले अनेक कार्यक्रमों की शुरुआत भी की गई। जिनमें 1008 घंटे की योग तपस्या से विश्व में शांति, घर मेरा स्वर्ग, कर्मयोग के द्वारा सशक्त भारत, डिजिटल वेलनेस, शांति मेरा स्वभाव, गिविंग लव, रिस्पेक्टिंग मदर नेचर, ओवरकमिंग ओवर थिंकिंग, हर दिन विशेष पुण्य कर्म करें आदि प्रमुख हैं। दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारम्भ हुआ। ओआरसी की निदेशिका बीके आशा ने कहा कि गुलज़ार उपवन का उद्देश्य विश्व शांति के लिए योग के प्रकम्पन फैलाना है। यहाँ पर योग तपस्या के कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि दादी गुलज़ार ने इस स्थल पर गहन योग तपस्या की है। जिसका प्रभाव अभी भी नजऱ आता है। यहाँ आते ही अशांत मन को शांति का अनुभव होता है। कार्यक्रम को बीके शुक्ला, बीके चांद बजाज, बीके रीना, बीके विद्यार्थी आदि ने संबोधित किया। बाल कलाकार नव्या और भव्या ने सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारी, सदस्य आदि का सहयोग रहा।