गुरुग्राम। रसोई गैस के दामों में हुई हालिया बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई को लेकर समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में आम जनता पूरी तरह से प्रताडि़त महसूस कर रही है और अब इस सरकार से लोगों की रही-सही उम्मीदें भी टूट चुकी हैं। मनीष यादव ने हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 29 रुपए की बढ़ोतरी की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सिलेंडर के दाम बढ़ाकर एक बार फिर गृहणियों की रसोई से लेकर छोटे रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे होटल मालिकों की जेब काटने का काम किया है। कभी पेट्रोल, कभी डीजल, कभी सीएनजी तो कभी रसोई गैस के दाम बढ़ा दिए जाते हैं। भाजपा ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। आज देश कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार झेल रहा है। आज आम आदमी की दाल-रोटी भी संकट में है। बाजार में दाल 150 रुपए प्रति किलो और पेट्रोल 100 रुपए के पार बिक रहा है। बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य का मुद्दा उठाते हुए मनीष यादव ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में रिकॉर्ड 80 बार पेपर लीक हो चुका है, जिसने देश के लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। युवाओं को रोजगार देने के बजाय सरकार केवल झूठे दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में सरकार से एक ढंग का सरकारी अस्पताल तक नहीं बनवाया जा रहा है। जनता इलाज के लिए दर-दर भटक रही है। सफाई व्यवस्था के नाम पर पूरे शहर में सिर्फ कागजी काम और पैसों की लूट हो रही है। गुरुग्राम का कोई भी गांव या शहर ऐसा नहीं बचा है जहां गंदगी के अंबार न लगे हों। वार्ड 3 का तो सफाई के मामले में सबसे बुरा हाल है। जनता कूड़े और गंदगी के बीच रहने को मजबूर है। मनीष यादव ने सरकार व प्रशासन से आग्रह किया है कि यदि प्रशासन और सरकार ने गुरुग्राम की बदहाल सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और बढ़ती महंगाई के मुद्दों पर तुरंत संज्ञान नहीं लिया, तो समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सडक़ों पर उतरने और उग्र धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी।
भाजपा शासन में कमरतोड़ महंगाई और पेपर लीक से त्रस्त है देश : मनीष यादव

