गुरुग्राम। राम नगर स्थित आर्य समाज राम नगर के तत्वावधान में आयोजित वेद प्रचार आपके द्वार एवं आर्य सम्मेलन का रविवार को सामूहिक प्रभातफेरी के साथ विधिवत रुप से शुभारंभ हो गया है। आयुर्वेदाचार्य डॉ. परमेश्वर अरोड़ा ने ओम ध्वज दिखाकर प्रभातफेरी को रवाना किया। आर्य समाज मंदिर राम नगर से प्रारंभ हुई यह प्रभातफेरी आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से भ्रमण करती हुई पुन: मंदिर परिसर में संपन्न हुई। स्थानीय निवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रभातफेरी के समापन पर मंदिर में सामूहिक यज्ञ और सत्संग का आयोजन हुआ। आर्य समाज के प्रधान ओम प्रकाश चुटानी ने कहा कि प्रभातफेरी से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य लाभ होता है, बल्कि मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी मिलती है। साथ ही, इससे समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा मजबूत होता है। प्रभातफेरी के दौरान मनीषा, स्वाति, उर्मिल आर्या, प्रधाना दयावन्ति, राम लाल आर्य, प्रभु दयाल चुटानी और प्रधान ओम प्रकाश चुटानी ने वैदिक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। आयोजन समिति ने बताया कि यह विशेष धार्मिक अनुष्ठान 22 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत प्रतिदिन यज्ञ, भजन और प्रवचन होंगे, जबकि 22 नवंबर को समापन समारोह होगा। कार्यक्रम में राधा कृष्ण सोलंकी, अजीत गोगिया, हरित आर्य, कृष्ण देव, अशोक आहूजा, धर्म देवी, ज्ञान देवी और बबिता सचदेवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
प्रभातफेरी के साथ वेद प्रचार आपके द्वार एवं आर्य सम्मेलन का हुआ शुभारंभ

