गुरुग्राम। पूर्वांचल समाज के लोग गुरुग्राम में बड़ी संख्या में निवास करते हैं। आस्था का प्रतीक छठ पूजा यह समाज पिछले कई दशकों से धूमधाम से मनाता आ रहा है, जिसमें स्थानीय लोग भी बढ़-चढकर भाग लेते हैं। यह 4 दिवसीय समारोह कल यानि कि शुक्रवार से शुरु हो रहा है। 13 नवम्बर यानि कि शुक्रवार से नहाय-खाय से छठ पूजा का प्रारंभ होगा। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को श्रद्धालु सायंकालीन और 16 नवंबर को प्रात: कालीन सूर्य देव को अध्र्य देंगे। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छठ पूजा के लिए स्थायी व अस्थायी घाटों की व्यवस्था की जा रही है। जिला व नगर निगम प्रशासन भी छठ पूजा में पूरा सहयोग कर रहा है। साफ-सफाई व अन्य सुविधाएं भी घाटों के पास उपलब्ध कराने की तैयारियों में प्रशासन जुटा है। शीतला माता मंदिर, शक्ति पार्क, कादीपुर, बसई आदि क्षेत्रों में छठ घाटों की व्यवस्था की जा रही है। पूर्वांचल समाज के लोग त्यौहार की तैयारियों में जुट गए हैं। घाटों की सफाई का कार्य भी शुरु हो गया है। शहर के मुख्य सदर बाजार व अन्य बाजारों में भी छठ पूजा से संबंधित सामग्री की बिक्री की दुकानें सजनी शुरु हो गई हैं और लोगों ने सामग्री की खरीददारी शुरु कर दी है। पंडित मुकेश शर्मा का कहना है कि सूर्य को अध्र्य देने के समय सूप में फलादि रखकर उन्हें पीले वस्त्र से ढक देना चाहिए और सूप के पास दीपक जलाकर रखना चाहिए तथा व्रतधारियों को मंत्रोच्चारण भी करना चाहिए। उसके बाद ही सूर्य को अध्र्य दिया जाना चाहिए। पुराणों में भी छठ पर्व की महत्ता का उल्लेख मिलता है। शिव पुराण, ब्रह्म वैव्रत पुराण, भविष्य पुराण, मार्कण्डेय पुराण के साथ कई अन्य श्रुतियों व उपनिषदों में भी इस पर्व के महत्व का वर्णन किया गया है। भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण के कालखंड में भी श्रद्धापूर्वक भगवान भास्कर की पूजा की जाती थी। मगध के साथ ही अन्य कई प्राचीन महत्वपूर्ण राज्यों के इतिहास के साथ इस लोकपर्व की कडियां जुड़ी हुई हैं। पाण्डवों ने भी अपना राज्य प्राप्त करने के लिए छठ पूजा की थी। नारद व कृष्ण के बीच प्रश्नोत्तर के रूप में छठ मनाने का विधान भी मिलता है। ऋषि पत्नी अनुसूईया द्वारा भी छठ व्रत किए जाने का विधान ग्रंथों में मिलता है। अनुसूईया ने छठ पर्व करने से पति प्रेम व सौभाग्य की प्राप्ति की थी।
पूर्वांचल समाज की आस्था का प्रतीक 4 दिवसीय छठ महापर्व का आयोजन कल से

