गुरुग्राम। दौलताबाद चौक क्षेत्र स्थित पुलिस चौकी के निकट पिछले कई दिनों से सीवर का ढक्कन नदारद है। हर समय किसी अनहोनी का भय बना रहता है। स्थानीय लोगों द्वारा समस्या की शिकायत संबंधित विभाग से की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय निवासी गौरव, राजेश, राजू, रितेश कुमार व राजेश पटेल आदि का कहना है कि चौक और सडक़ के आसपास का पूरा क्षेत्र बेहद व्यस्त माना जाता है, जहाँ दिन-रात वाहनों का भारी दबाव रहता है। इन सीवर के खुले चैंबरों के कारण यहाँ कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। दोपहिया वाहनों और आम राहगीरों के लिए यह स्थिति सबसे अधिक खतरनाक बनी हुई है। पैदल चलने वाले राहगीरों और विशेषकर बच्चों व बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना किसी खतरे से खाली नहीं है। यदि समय रहते इन सीवरों को ढका नहीं गया, तो यहाँ जान-माल का नुकसान होना तय है। लोगों ने नगर निगम और संबंधित उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि कागजी कार्रवाई से बाहर निकलकर जमीनी स्तर पर काम किया जाए। निवासियों की स्पष्ट मांग है कि इस व्यस्त मार्ग की संवेदनशीलता को देखते हुए शीघ्र शीघ्र सीवर के ढक्कन लगाए जाएं ताकि जनता सुरक्षित महसूस कर सके।
द्वारका एक्सप्रैसवे के निकट खुला सीवर का हॉल दे रहा हादसों को आमंत्रण

