NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

दौलताबाद फ्लाईओवर पर शोपीस बनीं ट्रैफिक लाइटें, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा

गुरुग्राम। दौलताबाद फ्लाईओवर और उसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात के सुचारु संचालन के लिए लगाई गई यातायात लाईटें शोपीस बनकर रह गई हैं।  यहाँ कोई भी ट्रैफिक लाइट सुचारू रूप से काम नहीं कर रही है, जिसके कारण वाहन चालकों को रोजाना भारी जाम से दो-चार होना पड़ रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि सिग्नल बंद होने की वजह से यहाँ हर समय भीषण सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वरिष्ठ अधिवक्ता जितेंद्र कौशिक का कहना है कि ट्रैफिक लाइटें खराब होने से आम जनता को बेहद गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के पीक आवर्स में स्थिति इतनी बदतर हो जाती है कि लोग समय पर अपने ऑफिस, कॉलेज या जरूरी काम पर नहीं पहुंच पाते। घंटों गाडियां रेंगती रहती हैं, जिससे ईंधन और समय दोनों की बर्बादी हो रही है। उनका कहना है कि सामान्य दिनों में तो परेशानी है ही, लेकिन बारिश के मौसम में यह समस्या बेहद विकराल और भारी हो जाती है। जलभराव और बंद ट्रैफिक लाइटों के कारण फ्लाईओवर और उसके नीचे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिसे संभालने के लिए अक्सर मौके पर कोई यातायात कर्मी भी मौजूद नहीं होता। उनका कहना है कि यह समस्या केवल दौलताबाद फ्लाईओवर तक ही सीमित नहीं है। शहर के कई अन्य प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर भी यातायात लाइटें हफ्तों से खराब पड़ी हैं। प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है, जिससे पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था रामभरोसे चल रही है। उन्होंने यातायात पुलिस व जिला प्रशासन से मांग की है कि मानसून का सीजन पूरी तरह शुरू होने से पहले इन सभी ट्रैफिक लाइटों को तुरंत ठीक किया जाए और व्यस्त समय में यहाँ यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।