गुरुग्राम। मानसून की शुरुआती बारिश आते ही साइबर सिटी एक बार फिर जलमग्न हो गया है, जिसे लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेशाध्यक्ष मनीष यादव ने शहर के जलभराव, टूटी सडक़ों और कूड़े के ढेरों को लेकर सत्तासीन भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास और ड्रेनेज सफाई के सारे दावे पहली ही बारिश में पूरी तरह फेल साबित हो चुके हैं। मनीष यादव ने कहा कि मानसून से पहले भाजपा के तमाम बड़े नेता और नगर निगम के आला अफसर बड़े-बड़े दावे कर रहे थे। दावा था कि इस बार सभी छोटे-बड़े नाले और ड्रेन पूरी तरह साफ कर दिए गए हैं और शहर को जलभराव से मुक्ति मिलेगी। लेकिन थोड़ी सी बारिश ने ही इन दावों की पोल खोलकर रख दी है। पूरा शहर जलभराव की चपेट में है, जिससे आम जनता, दफ्तर जाने वाले लोग और स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। यादव ने भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भाजपा सरकार पिछले 12 वर्षों के शासनकाल में गुरुग्राम का जलभराव तक नहीं रोक पा रही है, तो आम आदमी इससे क्या उम्मीद करेगा? शहर की कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचा पूरी तरह चरमरा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में हर जगह सडक़ों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। पूरे शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ रही हैं। मुख्यमंत्री से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने की मांग करते हुए सपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि गुरुग्राम कोई साधारण शहर नहीं है। यह पूरे हरियाणा को चलाने के लिए 60 फीसदी से अधिक का रेवेन्यू अकेले देता है। इसके बावजूद, जो शहर पूरे प्रदेश की आर्थिक रीढ़ है, उसी की दुर्दशा सिर्फ और सिर्फ भाजपा सरकार के राज में हुई है। टैक्स देने के बाद भी यहां की जनता को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और अब आम जनता इस सरकार के कुप्रबंधन से पूरी तरह तंग आ चुकी है।
थोड़ी सी बारिश में डूबा गुरुग्राम, भाजपा के ड्रेनेज सफाई के दावे हुए फेल : मनीष यादव

