NCRNewsअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

जलभराव से नारकीय हालात, 5 माह से गंदे पानी से गुजरने को मजबूर लोग

गुरुग्राम।धर्म कॉलोनी के जे-ब्लॉक स्थित गत्ता फैक्ट्री के निकट वाली गली में पिछले करीब 4 से 5 महीनों से सडक़ पर गंदा पानी जमा होने के कारण स्थानीय निवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। लंबे समय से बने हुए जलभराव के कारण पूरी गली तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे क्षेत्रवासियों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया है। इस गंभीर समस्या का सबसे अधिक खामियाजा स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना इसी गंदे और दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इसके अलावा, सडक़ पर ठहरे इस गंदे पानी से उठ रही तीव्र दुर्गंध ने आसपास के घरों में रहने वाले लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, जिससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। स्थानीय नागरिक पंकज वर्मा एडवोकेट का कहना है कि वे इस समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला और स्थिति जस की तस बनी हुई है। नागरिकों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग ऐसी बदहाल स्थिति में रहने के लिए विवश हैं, लेकिन प्रशासन का ध्यान इस ओर बिल्कुल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल के दौरान तो तमाम जनप्रतिनिधि वोट मांगने के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं, लेकिन सामान्य दिनों में सरकार या प्रशासन का कोई भी प्रतिनिधि जनता की सुध लेने तक नहीं आता। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही अनदेखी के चलते अब तो उन्होंने बेहतर जीवन और बुनियादी सुविधाओं की उम्मीद करना ही छोड़ दिया है।