गुरुग्राम। धार्मिक संस्था श्री मोरवी नंदन सखा मंडल के तत्वावधान में सेक्टर-9ए स्थित विवेकानंद पार्क के सामने ‘चतुर्थ श्री श्याम दर्शन महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर खाटू श्याम बाबा का अलौकिक और मनमोहक दरबार सजाया गया, जिसके दर्शनों के लिए शहर भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश शर्मा ने बताया कि महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने बाबा श्याम के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और आयोजक मंडल के धार्मिक व सामाजिक प्रयासों की सराहना की। देर रात तक चले इस संकीर्तन महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायक शुभम गौरव और हेमंत भारद्वाज ने े एक से बढक़र एक भजनों की प्रस्तुति दी। बाबा श्याम के भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने लगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक भक्तों ने बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री मोरवी नंदन सखा मंडल के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
चतुर्थ श्री श्याम दर्शन महोत्सव का हुआ आयोजन, भजनों की धुनों पर झूमे श्रद्धालु

