NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

गुरुग्राम की तस्वीर बदलने के लिए मिशन मोड में काम करें अधिकारी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

गुरुग्राम।हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए शहर की स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़क, पेयजल एवं सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम की व्यवस्थाओं के भीतर धरातल पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। अधिकारी पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को धरातल पर उतारें। उन्हें केवल कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट नहीं, बल्कि उनके वास्तविक परिणाम दिखाई देने चाहिए।बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस.ढेसी, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल यादव, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव अशोक कुमार मीणा भी मौजूद रहे।बैठक में जीएमडीए के सीईओ डी .के बेहेरा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सीएंडडी वेस्ट के व्यवस्थित प्रबंधन को लेकर नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिले में 10 अलग-अलग स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने की योजना बनाई गई है। इन स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का अस्थायी रूप से संग्रहण किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित भूमि को चारों ओर से कवर (चारदीवारी अथवा घेराबंदी) किया जाएगा, ताकि कचरे का अनियंत्रित फैलाव न हो और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी एवं प्रदूषण की समस्या पैदा न हो। इस व्यवस्था से सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण और आगे उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने नगर निगम अधिकारियों से शहर की मौजूदा स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि सफाई कार्यों के लिए जिन कर्मचारियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनकी उपस्थिति और कार्य की नियमित निगरानी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित संख्या में सफाई कर्मचारी धरातल पर मौजूद रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। मुख्यमंत्री ने जीएमडीए की सड़क, पेयजल आपूर्ति एवं सीवरेज नेटवर्क से संबंधित मिसिंग लिंक परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गति प्रदान की जाएबैठक में पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सुझाव दिया कि नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें। चौक-चौराहों पर साफ-सफाई, हरियाली, उचित लाइटिंग और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ नागरिकों को भी बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी।बैठक में फरीदाबाद नगर निगम के आयुक्त यशेंद्र सिंह, डीसी उत्तम सिंह, जीएमडीए के एडिशनल सीईओ मोहम्मद इमरान रजा, गुरुग्राम नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त यश जालुका तथा रवींद्र यादव सहित जीएमडीए तथा नगर निगम गुरुग्राम के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।