NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

एटक के 43वें राष्ट्रीय महासम्मेलन में शामिल हुए हरियाणा के प्रतिनिधि

गुरुग्राम। श्रमिक संगठन ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) द्वारा कर्नाटक के बेंगलुरु में 43वें राष्ट्रीय महासम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा संगठन के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। हरियाणा राज्य की सांगठनिक रिपोर्ट राज्य महासचिव एडवोकेट अनिल पंवार ने प्रस्तुत की। अपनी विस्तृत रिपोर्ट में उन्होंने प्रदेश के मजदूरों की वर्तमान स्थिति, ठेका प्रथा के तहत हो रहे शोषण, असंगठित क्षेत्र, महिला व युवा कामगारों के मुद्दों तथा किसान-मजदूरों के साझा आंदोलनों को राष्ट्रीय मंच पर रखा। अनिल पंवार ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में हरियाणा एटक ने मानेसर, बावल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, हिसार, रोहतक और यमुनानगर सहित तमाम औद्योगिक क्षेत्रों, रोडवेज, भवन निर्माण व खेत मजदूरों के बीच सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को मजबूत किया है। लेबर कोर्ट में सैकड़ों केस जीतकर मजदूरों को स्थायी करने, वेतन वृद्धि, बोनस और पीएफ-ईएसआई का लाभ दिलाया गया है। उन्होंने नूंह जिले में वेलस्पन कंपनी के मजदूरों की गैर-कानूनी छंटनी के खिलाफ दो महीने से जारी आंदोलन और प्रशासन की अनदेखी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। केंद्र सरकार के चार लेबर कोड को मजदूर विरोधी बताते हुए उन्होंने इन्हें रद्द करने, न्यूनतम वेतन 42,000 रुपये मासिक करने, ठेका प्रथा समाप्त कर समान काम का समान वेतन लागू करने और सामाजिक सुरक्षा देने की पुरजोर मांग की। साथ ही संगठन के विस्तार हेतु निचले स्तर तक यूनिट निर्माण, जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर, कानूनी टीम के गठन और प्रचार तंत्र को मजबूत करने के सुझाव दिए। राष्ट्रीय नेतृत्व ने हरियाणा इकाई के इन सुझावों की सराहना करते हुए इन्हें संगठन आयोग में शामिल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान पहल सिंह तंवर, हरभजन सिंह, सतपाल नैन, सतपाल सरोहा, सतपाल रोहिला, एडवोकेट पवन सैनी, अजय कुमार, संदीप सिंह, कर्ण सिंह, अभय सिंह, कृष्ण कुमार, फूल सिंह इंदौरा, आरएन सिंह और डॉ. नीलम संधू आदि शामिल रहे।