गुरुग्राम। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन न्यू गुरुग्राम इकाई द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। न्यू गुरुग्राम के विभिन्न सेक्टरों और सोसायटियों से सैकड़ों अग्रवाल परिवार कार्यक्रम में शामिल हुए। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मेधावी छात्र सम्मान और डांडिया उत्सव ने समां बांध दिया।इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैनविन फाउंडेशन के संस्थापक डा. डी.पी. गोयल व सह-संस्थापक नवीन गोयल ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता साधुराम अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में कपिल जैन, मनीष सिंघल और नरेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे। मंच संचालन राष्ट्रीय संगठन मंत्री मनोज गुडिय़ानी और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन न्यू गुरुग्राम इकाई की वरिष्ठ उपाध्यक्ष ममता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष विपिन अग्रवाल और अनिल गुप्ता की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में 10वीं, 12वीं और अन्य शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नेशनल टीटी प्लेयर फाल्गुन गुप्ता को खेल उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा लोकतंत्र सेनानियों, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को भी मंच पर सम्मानित कर समाज ने शिक्षा, खेल, सेवा और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और महाराजा अग्रसेन के आदर्शों-एक रुपया, एक ईंट की भावना, सहयोग और भाईचारे को जीवंत किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में नवीन गोयल ने कहा कि राजनीति में मजबूत होने के लिए वैश्य समाज को एकजुट होना होगा। हम आर्थिक रूप से मजबूत हैं, सामाजिक सेवा में सबसे आगे हैं, लेकिन जब तक हम राजनीतिक रूप से एकजुट नहीं होंगे, हमारी आवाज उतनी मजबूती से नहीं सुनी जाएगी। राजनीति में मजबूत होने के लिए वैश्य समाज को एकजुट होना पड़ेगा। हमें अपने वोट की ताकत को पहचानना होगा और एक मंच पर आना होगा। नवीन गोयल ने महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज एकता के सूत्र में बंधा रहे। महाराजा अग्रसेन जी के दिखाए मार्ग पर चलकर हम समाज में कीर्तिमान स्थापित करते रहें।
डा. डी.पी. गोयल ने कहा महाराजा अग्रसेन जी ने हमें समाजवाद और समानता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने व्यापार के साथ-साथ सामाजिक दायित्व का मार्ग भी दिखाया। आज समय की मांग है कि अग्रवाल समाज, वैश्य समाज राजनीतिक रूप से भी मजबूत हो। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन न्यू गुरुग्राम ने धूमधाम से मनाई महाराजा अग्रसेन जयंती

