गुरुग्राम। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के निमित्त भारतीय जनता पार्टी हरियाणा का सामाजिक समरसता प्रतिनिधिमंडल गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी (बनारस) पहुंचा। गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी का पावन कलश लेकर प्रतिनिधिमंडल 30 जुलाई की शाम को सिरहौल बॉर्डर गुरुग्राम पहुंचेगा।इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश जरावता कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में माननीय विधायक कपूर बाल्मीकि, अनूप धनक (पूर्व मंत्री), जगदीश नायर (पूर्व मंत्री), सुमन बहमनी (मेयर, यमुनानगर), बलदेव ग्रोहा (चेयरमैन), बंतो कटारिया (प्रदेश उपाध्यक्ष), कप्तान योगेश बैरागी (चेयरमैन), सरिता नारायणा (पूर्व विधायक), अशोक कटारिया (पार्षद), रेखा (चेयरपर्सन, गुहला-चीका), सुंदरलाल यादव (प्रदेश संयोजक, पंचायती राज प्रकोष्ठ), घुमन सिंह (चेयरमैन), सुरेश कौशिक एवं परवीन जैन शामिल हैं। बुधवार 29 जुलाई को यह प्रतिनिधिमंडल वाराणसी में आयोजित विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों तथा पूजन-अर्चना में भाग लेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से सुशोभित कलश हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल को विधिवत सौंपा जाएगा।प्रतिनिधिमंडल 30 जुलाई की सायं पावन कलश लेकर सिरहौल बॉर्डर गुरुग्राम पहुंचेगा, जहां हरियाणा सरकार के प्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जाएगा। स्वागत उपरांत यह पावन कलश गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर में स्थापित किया जाएगा। तत्पश्चात चार जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता द्वारा इस पावन कलश से मिट्टी भाजपा हरियाणा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को विधिवत प्रदान की जाएगी। यह पावन मिट्टी पूरे हरियाणा के गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी।
सामाजिक समरसता प्रतिनिधिमंडल पावन मिट्टी लेने पहुंचा गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी

